भारी बारिश के अलर्ट के बीच देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में 14 अगस्त को स्कूल बंद

देहरादून/नैनीताल/पिथौरागढ़। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए तीन जिलों में 14 अगस्त 2026 को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने अवकाश के आदेश जारी किए हैं।

देहरादून में ऑरेंज अलर्ट के चलते छुट्टी

देहरादून जिले में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आपदा न्यूनीकरण और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, गैर-शासकीय और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 अगस्त को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित संस्थानों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

नैनीताल में भी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

नैनीताल जिले में भी मौसम विभाग ने 14 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी से बहुत भारी बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

इसके तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र 14 अगस्त को बंद रहेंगे। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

हालांकि, नैनीताल शहर में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

पिथौरागढ़ में भी 14 अगस्त को अवकाश

भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पिथौरागढ़ सहित उत्तराखंड के अन्य जिलों में भी 14 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम चेतावनी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पिथौरागढ़ जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 अगस्त को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम एवं बाल विकास अधिकारी को सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की ओर जाने से बचने की अपील की है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड में एक और टनल हादसा, टनल में मलबा-पानी भरने से हड़कंप, 13 लोगों का रेस्क्यू

Fri Aug 14 , 2026
चमोली। जिले के मायापुर (पीपलकोटी) क्षेत्र में गुरुवार शाम टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी भरने से हड़कंप मच गया। टनल के भीतर काम कर रहे 18 से 19 लोगों के फंसे होने की प्रारंभिक सूचना मिली। घटना के बाद प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियों ने तत्काल रेस्क्यू […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!