श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध – सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नई योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सामाजिक सुरक्षा का व्यापक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पोषण योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना, मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि योग एवं वेलनेस योजना के तहत हर वर्ष 210 छात्र-छात्राओं को आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल वैन दूरस्थ क्षेत्रों में श्रमिकों के कार्यस्थल और आवास तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क होंगी तथा टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह भी उपलब्ध कराई जाएगी। योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्रमेव जयते मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षित, स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों को मातृत्व सहायता, बेटियों के विवाह, आवास निर्माण, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और वृद्ध श्रमिकों को मासिक पेंशन जैसी अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी पात्र श्रमिकों से बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराने का आग्रह किया, ताकि वे सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, श्रमायुक्त पीसी दुम्का आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

NEET-JEE आयोजित करने वाली NTA में केवल 24 स्थायी कर्मचारी, राज्यसभा में खुलासा

Thu Jul 23 , 2026
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में स्थायी कर्मचारियों की संख्या को लेकर राज्यसभा में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। केंद्र सरकार ने सदन में जानकारी दी कि NEET-UG, JEE और UGC-NET जैसी देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने वाली एजेंसी में वर्तमान में केवल 24 स्थायी कर्मचारी कार्यरत […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!